Site icon सन्देश वार्ता

भाषिणी ने दक्षिण 2026 में वॉयस-फर्स्ट एआई और बहुभाषी क्षमताओं का प्रदर्शन किया

भाषिणी

भाषिणी

भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमआईटीवाई) के अंतर्गत डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन (डीआईसी) के तहत कार्यरत डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग (डीआईबीडी) ने दक्षिण दिवस 2026 में भाग लिया। यह दो दिवसीय उच्चस्तरीय नीतिगत संवाद कार्यक्रम 17-18 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन विकासशील देशों के लिए अनुसंधान एवं सूचना प्रणाली (आरआईएस) ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के सहयोग से किया। इस आयोजन में भारत, अफ्रीका और अन्य साझेदार देशों के नीति-निर्माताओं, राजनयिकों, विशेषज्ञों और संस्थागत प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा विकासशील देशों के बीच सहयोग के उभरते क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया।

भाषिणी ने इस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र और पहले दिन के आयोजन के हिस्से के रूप में एक प्रदर्शनी स्टॉल के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस स्टॉल पर भाषिणी के बहुभाषी भाषा एआई इकोसिस्टम को प्रदर्शित किया गया। साथ ही, यह भी बताया गया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित भाषा प्रौद्योगिकियां किस प्रकार समावेशी डिजिटल पहुंच को सक्षम बनाने, सार्वजनिक सेवाओं के वितरण को सुदृढ़ करने और भाषाई सीमाओं से परे संवाद को सुगम बनाने में मदद कर सकती हैं।

भाषिणी की टीम ने विभिन्न प्रौद्योगिकी आधारित उपयोगों और लाइव प्रदर्शनियों के माध्यम से आगंतुकों को मंच की क्षमताओं से परिचित कराया। इनमें बहुभाषी अनुवाद, वाक् पहचान, वाक् संश्लेषण, प्रतिलेखन, लिप्यंतरण और आवाज के माध्यम से संवाद जैसी सुविधाएं शामिल थीं। इस प्रदर्शनी में शासन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, बैंकिंग, कानूनी सेवाओं और नागरिकों से सीधे जुड़े अन्य क्षेत्रों में इन प्रौद्योगिकियों के व्यावहारिक उपयोगों को रेखांकित किया गया। इससे यह प्रदर्शित हुआ कि भाषा एआई किस प्रकार लोगों की पसंदीदा भाषाओं में सूचना और डिजिटल सेवाओं को अधिक सुलभ बना सकता है।

इस प्रदर्शनी के माध्यम से गणमान्य व्यक्तियों, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं और अन्य हितधारकों के साथ संवाद का अवसर भी मिला। इस दौरान डिजिटल समावेशन को आगे बढ़ाने और संस्थागत सहयोग को मजबूत करने में बहुभाषी एआई की संभावनाओं को रेखांकित किया गया। अपने प्रदर्शन के माध्यम से भाषिणी ने डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) के एक महत्वपूर्ण घटक के रूप में भाषा एआई की भूमिका को उजागर किया। इसके उपयोग देश की सीमाओं से परे विभिन्न भाषाई परिवेशों में भी किए जा सकते हैं।

इस अवसर का एक प्रमुख आकर्षण भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री कीर्ति वर्धन सिंह का भाषिणी स्टॉल का दौरा रहा। मंत्री ने टीम के साथ परस्पर बातचीत की और भाषिणी की बहुभाषी एआई क्षमताओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि भाषिणी एक अच्छा और उपयोगी मंच है, जिसका उन्होंने स्वयं उपयोग किया है।

डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग (डीबीआईडी) के बारे में

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अंतर्गत डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन (डीआईसी) का डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग (डीबीआईडी) एआई आधारित बहुभाषी डिजिटल समावेशन के लिए एक राष्ट्रीय इकोसिस्टम विकसित कर रहा है। भाषिणी एक भाषा-प्रथम डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना का निर्माण कर रहा है, जो सरकारी विभागों, डेवलपर्स, शोधकर्ताओं और अन्य हितधारकों को बहुभाषी एआई एप्लिकेशन और सेवाएं विकसित करने तथा उन्हें लागू करने में सक्षम बनाती है। भाषिणी 36 भारतीय लिखित भाषाओं, 23 भारतीय वाक् भाषाओं और 35 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं को सहायता प्रदान करता है। इससे सरकारी और आम नागरिकों के उपयोग वाली डिजिटल सेवाओं में भाषा प्रौद्योगिकियों का एकीकरण संभव हो पाता है। इसके इकोसिस्टम में अनुवाद, वाक् पहचान, वाक् संश्लेषण, लिप्यंतरण और अन्य भाषा सेवाओं से संबंधित प्रौद्योगिकियां शामिल हैं। ये प्रौद्योगिकियां भारत की भाषाई विविधता के अनुरूप डिजिटल सूचनाओं और सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने में मदद करती हैं।

Exit mobile version