भारतीय नौसेना का जहाज तबर दो दिन की यात्रा पर स्पेन के मलागा पहुंचा
भारतीय नौसेना का अग्रणी आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टील्थ फ्रिगेट जहाज आईएनएस तबर भारत और स्पेन के बीच मौजूदा द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार देने के लिए 25 अगस्त, 2024 को दो दिन की यात्रा पर स्पेन के मलागा पहुंचा। इस युद्धपोत की कमान कैप्टन एमआर हरीश के हाथ में है। भारत और स्पेन के बीच राजनयिक संबंध वर्ष 1956 में नई दिल्ली में स्पेनिश दूतावास के शुरू होने के साथ स्थापित हुए थे। स्पेन की विशाल तटरेखा होने के कारण भारत उसके साथ समुद्री सुरक्षा की प्रमुख भूमिका को स्वीकार करता है और विभिन्न रचनात्मक एवं सहयोगात्मक प्रयासों के माध्यम से स्पेन के साथ जुड़ता रहा है। आईएनएस तबर की यात्रा का उद्देश्य इन संबंधों को और सशक्त बनाना तथा समुद्री क्षेत्र में संबंधों को विस्तार देने के नए अवसर तलाशना है। भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस तबर का चालक दल मलागा बंदरगाह पर अपने दो दिनों के प्रवास के दौरान स्पेन की नौसेना के साथ कई पेशेवर कार्यक्रमों में भाग लेगा। इसके बाद, मलागा से प्रस्थान करने पर युद्धपोत तबर स्पेनिश नौसेना के जहाज अटालया के साथ समुद्र में एक नौसैन्य अभ्यास भी करेगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच आपसी सहभागिता को बढ़ाना है
Read More