ताजा खबरराष्ट्रिय

भारत-म्यांमार नौसैनिक अभ्यास का 8वां संस्करण विशाखापट्टनम में संपन्न

भारत-म्यांमार नौसैनिक अभ्यास (आईएमएनईएक्स-26) का 8वां संस्करण अपने बंदरगाह और समुद्री चरणों के सफल समापन के बाद 14 नवंबर, 2026 को विशाखापट्टनम में संपन्न हुआ।

समुद्री चरण बंगाल की खाड़ी में आयोजित किया गया, जो इस नौसैनिक अभ्यास का परिचालन संबंधी समापन चरण था। इस दौरान भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस राणा और आईएनएस सुमेधा ने म्यांमार नौसेना के जहाज यूएमएस किंग सिन फ्यू शिन के साथ मिलकर सैन्य अभ्यास किया।

बंदरगाह चरण में विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान (एसएमईई), एक-दूसरे के जहाजों का दौरा, पेशेवर संवाद और खेल संबंधी गतिविधियां शामिल थीं, जिससे दोनों देशों की नौसेनाओं के कर्मियों के बीच परिचालन संबंधी ज्ञान और अनुभव के साझाकरण को बढ़ावा मिला।

समुद्री चरण में समन्वित समुद्री युद्धाभ्यास और परिचालन संबंधी अभ्यास किए गए। इससे प्रक्रियाओं को और बेहतर बनाने, सामरिक समन्वय बढ़ाने तथा अभ्यास में भाग लेने वाली इकाइयों के बीच अंतर-संचालनीयता को मजबूत करने का अवसर मिला।

आईएमएनईएक्स-26 ने इसमें भाग लेने वाले जहाजों और कर्मियों को परिचालन संबंधी समझ को और मज़बूत करने तथा एक-दूसरे की क्षमताओं एवं प्रक्रियाओं से बेहतर ढंग से परिचित होने के लिए एक महत्वपूर्ण प्लेटफार्म प्रदान किया। इस सैन्य अभ्यास से द्विपक्षीय नौसैनिक सहयोग को और गति मिली है। यह भारत के ‘महासागर’ (एमएएचएएसएजीएआर – क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) के विजन तथा ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के अनुरूप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *